Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

मौजूदा व्यस्त कार्यक्रम में अभ्यास और तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता: सैमसन

बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (भाषा) वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टी-20 शृंखला खत्म होने और न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला शुरू होने के बीच भारतीय टीम के पास सिर्फ पांच दिन है ऐसे में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का जोर अभ्यास से ज्यादा अपने अनुभव के भरोसे मैदान पर उतरने पर है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी-20 मुकाबले के दौरान मेजबान प्रसारक से बातचीत में सैमसन ने व्यस्त कार्यक्रम के कारण तैयारी के लिए कम समय मिलने की बात स्वीकार की।

इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, “सच कहूं तो मौजूदा समय में जिस तरह से कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं, उसमें अभ्यास और तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता। ऐसे में आपका अनुभव काम आता है। आप मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में रहने की कोशिश करते हैं और जितना भी समय मिलता है, उसका पूरा फायदा उठाते हैं। हमारे पास बल्लेबाजी अभ्यास के लिए सिर्फ एक दिन है।”

न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भारत से काफी अलग हैं। ऐसे में वहां की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती होगी। सैमसन ने कहा कि टीम कम समय में परिस्थितियों को समझने और अपने अनुभव का इस्तेमाल करने की कोशिश करेगी।

उन्होंने बताया, ‘‘हम 20 अक्टूबर को वहां पहुंचेंगे, 21 अक्टूबर को अभ्यास करेंगे और 22 अक्टूबर को मैच खेलेंगे। हम यहां किए गए अच्छे प्रदर्शन को आगे भी जारी रखने की कोशिश करेंगे। वहां की परिस्थितियों के अनुकूल होने में थोड़ा समय लगता है। इसलिए शुरुआती दो-तीन गेंदों में परिस्थितियों को समझने का प्रयास करेंगे। हम अपने अनुभव से मिली सीख पर अमल करेंगे और परिस्थितियों का सम्मान करते हुए खेलेंगे।’’

न्यूजीलैंड का यह दौरा भारतीय खिलाड़ियों के लिए 2028 में होने वाले टी-20 विश्व कप की तैयारी के लिहाज से भी अहम होगा। इस विश्व कप की संयुक्त मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड करेंगे। ऐसे में आगामी शृंखला खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को समझने और भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करने का अच्छा अवसर देगी।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता