सहारनपुर (उप्र), 17 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक व्यक्ति ने बहन के कमरे में गांव के एक युवक को देखने के बाद परिवार की बदनामी के डर के कारण 27 वर्षीय बहन की कथित तौर पर चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने बताया कि पीड़िता के चाचा सुरेंद्र की शिकायत पर 16 अक्टूबर को हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उसी दिन आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका कोमल सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र के लखनौर गांव की रहने वाली थी और गांव की पंचायत में सहायक के रूप में काम करती थी।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुमार ने कहा कि 16 अक्टूबर तड़के करीब 3:30 बजे उसने कोमल के कमरे में उसी गांव के एक युवक को देखा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को देखकर युवक वहां से भाग गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद कुमार ने कथित तौर पर अपनी बहन से इस बारे में पूछताछ की, जिसके चलते दोनों के बीच बहस हुई।
पुलिस ने बताया कि कुछ घंटे बाद उसने कोमल की हत्या कर दी।
पाठक ने बताया कि पुलिस ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब