नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में इस साल अब तक 211 दिन वायु गुणवत्ता अच्छी, संतोषजनक और मध्यम श्रेणी में रही है। कोविड-19 से प्रभावित वर्ष 2020 को छोड़ दें, तो 2016 के बाद यह सबसे बेहतर प्रदर्शन है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को यह जानकारी दी।
साल खत्म होने में दो महीने से अधिक समय बाकी है और राष्ट्रीय राजधानी में अच्छी से मध्यम वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या पिछले कई वर्षों के कुल आंकड़े को पार कर चुकी है।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में ऐसे 200 दिन, 2024 में 209 दिन, 2023 में 206 दिन, 2018 में 159 दिन और 2016 में 110 दिन दर्ज किए गए थे।
सिरसा ने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा वायु प्रदूषण से निपटने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों का नतीजा है।
मंत्री ने बताया कि खराब, बेहद खराब और गंभीर वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या 2016 में इसी अवधि के दौरान 168 थी, जो इस साल घटकर 79 रह गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए समन्वित रणनीति अपनाई है और कई कदम उठाए गए हैं।
सिरसा ने कहा कि हाल ही में शुरू किया गया कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र प्रदूषण की वास्तविक समय में निगरानी, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, शिकायतों के निपटारे और लक्षित कार्रवाई को मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय निरीक्षण और जवाबदेही व्यवस्था भी मजबूत की है। इसके तहत सरकारी विभागों और निजी प्रतिष्ठानों की निगरानी की जा रही है।
हालांकि, मंत्री ने आगाह किया कि सर्दियों के आगामी महीनों में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और हवा की गति कम होने के कारण बड़ी चुनौती सामने आएगी, जिससे वायु गुणवत्ता खराब हो सकती है।
सिरसा ने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार बनाए रखने के लिए सरकार ने व्यापक शीतकालीन कार्ययोजना और एहतियाती उपायों की घोषणा की है।
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष