शिलांग, 17 अक्टूबर (भाषा) मेघालय विधानसभा के अध्यक्ष थॉमस ए. संगमा ने यूडीपी के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय को मान्यता दे दी है, और इसके साथ ही 60 सदस्यीय सदन में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस घटनाक्रम के चलते ‘यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी’ (यूडीपी) के विधायकों की संख्या घटकर चार रह गई।
यूडीपी और भाजपा, दोनों ही एनपीपी के नेतृत्व वाले सत्ताधारी ‘मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस’ का हिस्सा हैं।
इन आठ विधायकों ने 23 सितंबर को नयी दिल्ली में भाजपा का दामन थामा था और दो दिन बाद मेघालय विधानसभा को अपने विलय के बारे में सूचित करते हुए एक पत्र सौंपा।
संगमा ने 13 अक्टूबर को कहा था कि मामले पर विचार किया जा रहा है और कोई फैसला लेने से पहले वह कानूनी राय का इंतजार कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने एक आदेश के जरिए विलय को मान्यता दी, जिसे विधानसभा सचिवालय द्वारा अधिसूचित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, इस विलय को संविधान की दसवीं अनुसूची के पैरा 4 के तहत मान्यता दी गई थी।
यह प्रावधान उन मामलों में दल-बदल के आधार पर अयोग्य ठहराए जाने से छूट देता है, जहाँ विलय निर्धारित शर्तों को पूरा करता हो।
संबंधित आठ विधायकों में लखमेन रिम्बुई, पियस मारवेन, किरमेन श्यल्ला, मायरालबॉर्न सिएम, मैथ्यू बियॉन्डस्टार कुर्बाह, ओलन सिंह सुइन, बालाजीद कुपार सिनरेम और सिनशर कुपार रॉय लिंगदोह थाबाह शामिल हैं।
भाषा नेत्रपाल सुभाष
सुभाष