Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

मणिपुर में संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, चार घायल

इंफाल, 17 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के कामजोंग जिले के एक गांव में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों ने अपराह्न करीब ढाई बजे कुकी समुदाय के गांव चासाद में कई गोलियां चलाईं। इसके बाद एक स्थानीय सशस्त्र समूह और संदिग्ध उग्रवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शाम तक मुठभेड़ जारी थी।’’

उन्होंने बताया कि गांव के प्रमुख थांगजाहौ हाओकिप (48) और चार अन्य लोगों- खैलुन हाओकिप, सेइखोहौ, हेगिन हाओकिप तथा सेइपाओ हाओकिप के संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां सेइखोहौ ने चोटों के चलते दम तोड़ दिया।

जनजातीय एकता समिति ने एक बयान जारी कर चासाद गांव पर हुए हमले की निंदा की और राज्य सरकार से वहां केंद्रीय बलों की तैनाती करने का आग्रह किया।

मणिपुर में इस साल फरवरी से कुकी और नगा जनजातियों के बीच झड़पों के बाद 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों मकान आग के हवाले कर दिये गए हैं।

हिंसा से तामेंगलोंग, कामजोंग, उखरुल, नोनी और कांगपोकपी जिले प्रभावित हुए हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष

सुभाष