Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

शबरिमला तीर्थयात्रा के लिए केएसआरटीसी ने किए व्यापक इंतजाम

तिरुवनंतपुरम, 16 अक्टूबर (भाषा) केरलम का सार्वजनिक परिवहन निगम ‘केएसआरटीसी’ आगामी मंडलम सीजन के दौरान 461 और मकरविलक्कू उत्सव के दौरान 561 बसें चलाएगा, ताकि शबरिमला के तीर्थयात्रियों को यात्रा में सुविधा हो। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भगवान अयप्पा मंदिर में 41 दिवसीय वार्षिक मंडल पूजा 17 नवंबर से शुरू होगी, जबकि मकरविलक्कू उत्सव 14 जनवरी 2027 को मनाया जाएगा।

केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) ने एक बयान में कहा कि तीर्थयात्रा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की मांग के आधार पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और जरूरत पड़ने पर पट्टे पर ली गई बसों को भी सेवा में लगाया जाएगा।

राज्य के विभिन्न बस डिपो और तीर्थस्थलों के बीच विशेष बस सेवाएं चलाई जाएंगी। इनमें पंपा, निलक्कल, चेंगन्नूर, कोट्टायम, पथनमथिट्टा, एरुमेली, तिरुवनंतपुरम सेंट्रल, एर्नाकुलम, कुमिली, कोट्टारक्करा, पुनलूर, अडूर, त्रिशूर, गुरुवायुर और कायमकुलम शामिल हैं।

केएसआरटीसी मंडलम सीजन के दौरान पंपा और निलक्कल में 678 कर्मचारियों तथा मकरविलक्कू उत्सव के दौरान 778 कर्मचारियों की तैनाती करेगा।

बयान के अनुसार, सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को अग्निशमन, बचाव और चिकित्सा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया है। तकनीकी कर्मचारियों को भी वाहन निर्माताओं की ओर से दिए गए विशेष प्रशिक्षण सहित अन्य प्रशिक्षण दिए गए हैं।

निगम का बजट पर्यटन प्रकोष्ठ तीर्थयात्रियों के लिए विशेष रूप से आरक्षित यात्राओं और ऑनलाइन आरक्षण की व्यवस्था कर रहा है। यात्रियों की मांग के आधार पर विभिन्न बस डिपो के आसपास स्थित मंदिरों और निर्धारित सेवा केंद्रों से पंपा के लिए विशेष बस सेवाएं भी चलाई जाएंगी।

निगम जल्द ही 70 से अधिक चयनित मंदिरों का विवरण जारी करेगा, जहां तीर्थयात्रियों के आराम करने और रात में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।

पंपा और निलक्कल में बसों की पार्किंग, गैराज, कर्मचारियों के आवास और विश्राम स्थलों की सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। अनधिकृत पार्किंग रोकने, निलक्कल बस स्टेशन के पास पुलिस सहायता सुनिश्चित करने और त्रिवेणी में यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय तथा अवरोधक लगाने के उपाय भी किए जाएंगे।

तीर्थयात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उनके आगमन तथा वापसी के अनुसार बसें उपलब्ध कराने के लिए पंपा नियंत्रण कक्ष के साथ समन्वय मजबूत किया जाएगा।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव