नोएडा (उत्तर प्रदेश), 16 अक्टूबर (भाषा) नोएडा में साइबर जालसाजों ने बैंक के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर उनसे कथित तौर पर एक करोड़ रुपये से अधिक ठग लिये। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) प्रीति यादव ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक से वरिष्ठ प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त सेक्टर-55 निवासी प्रमोद चोपड़ा ने आज साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई कि इस साल जुलाई में कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे संपर्क किया और क्रिप्टोकरेंसी में कारोबार के नाम पर निवेश करने का झांसा दिया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित ने 24 जुलाई से 28 सितंबर के बीच अपने अलग-अलग बैंक खातों से आरोपियों द्वारा बताए गए 22 खातों में कुल एक करोड़ पांच लाख 77 हजार रुपये भेज दिए।
पीड़ित ने बताया कि संबंधित पोर्टल पर उनके निवेश की रकम बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने कर व अन्य शुल्क के नाम पर उनसे और रुपये मांगे।
इसके बाद उन्हें ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी गई है।’’
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एक अन्य मामले में एक महिला ने बृहस्पतिवार रात साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई कि साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में निवेश से मुनाफा कमाने का झांसा देकर उससे कथित तौर 61 लाख रुपये ठग लिए।
उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा सं वैभव खारी
खारी