जम्मू, 16 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 55 वर्षीय एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) का शव शुक्रवार को मिला। वह अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बशीर अहमद का शव त्रिगाम में उनके घर के पास जंगल के एक इलाके में मिला। उनके शव के पास उनकी सेल्फ-लोडिंग सर्विस राइफल और एक मैगजीन भी मिली।
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम वहां पहुंच गई है। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार, पेडिल पुलिस चौकी पर तैनात अहमद बृहस्पतिवार सुबह अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद उनके परिवार ने उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
भाषा
मनीषा वैभव
वैभव