Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

इडुक्की जिले में ईएसए मुद्दों को लेकर माकपा की हड़ताल, जनजीवन प्रभावित

इडुक्की (केरलम), 16 अक्टूबर (भाषा) पारिस्थितिकी संवेदनशील क्षेत्र (ईएसए) और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा इडुक्की जिले में बुलाई गई 12 घंटे की हड़ताल शुक्रवार सुबह छह बजे शुरू हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। पुलिस ने यह जानकारी दी।

माकपा की जिला समिति ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि यह हड़ताल ईएसए के संबंध में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार द्वारा सौंपी गई सिफारिशों के आधार पर प्रकाशित भूमि संबंधी नक्शे में अधिक स्पष्टता की मांग को लेकर की जा रही है।

माकपा यह भी मांग कर रही है कि ‘कार्डमम हिल रिजर्व’ क्षेत्र को वन भूमि घोषित करने के कदम को वापस लिया जाए।

इसके अलावा, पार्टी ने बागानों और कृषि भूमि को वन्यजीव अभयारण्यों में बदलने के आदेशों को वापस लेने, हाथियों के लिए गलियारे बनाने की योजनाओं को रद्द करने और ‘हाई रेंज माउंटेन लैंडस्केप’ (एचआरएमएल) परियोजना को दोबारा शुरू करने की कथित गुप्त कोशिशों पर रोक लगाने की भी मांग की है।

माकपा के जिला सचिव सी. वी. वर्गीज ने एक वीडियो संदेश के जरिए समाज के सभी वर्गों से हड़ताल में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि दूध की आपूर्ति और समाचार पत्रों के वितरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा तथा इसके अलावा, शादियों और अंतिम संस्कार के लिए लोगों को ले जाने वाले वाहनों को भी हड़ताल से छूट दी जाएगी।

वर्गीज ने कहा कि अन्य जिलों से इडुक्की के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की आवाजाही को नहीं रोका जाएगा। इसके अलावा जिले में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं को भी हड़ताल से छूट दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से हड़ताल करेगी।

पुलिस ने हिंसा रोकने के लिए इंतजाम किए हैं और जिले भर के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अधिकांश विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वे शुक्रवार को बंद रहेंगे।

हड़ताल के मद्देनजर, उच्चतर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय (डीएचएसई) ने जिले में शुक्रवार को होने वाली उच्चतर माध्यमिक सुधार परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। ये परीक्षाएं राज्यभर में आयोजित की जा रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इडुक्की जिले में ये परीक्षाएं किसी अन्य दिन आयोजित की जाएंगी।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी