नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) भारत ने अमेरिका के इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों पर बृहस्पतिवार को चिंता जताई।
भारत ने कहा कि यह घटना अमेरिका में ‘‘नस्लीय वैमनस्य और भारत विरोधी नफरत’’ को लेकर चिंताओं को और बढ़ाती है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शिकागो के निकट गोलीबारी की कोशिश की घटना के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में एक बयान में यह टिप्पणी की।
एक किशोर को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और उस पर आतंकवादी धमकी देने तथा अवैध रूप से हथियार रखने का आरोप लगाया गया है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, किशोर ने इलिनॉय के ऑरोरा शहर में स्थित पूजा स्थल को ‘‘संभावित रूप से निशाना बनाते हुए’’ गोली चलाने की कोशिश की थी।
जायसवाल ने बयान में कहा, ‘‘हम इलिनॉय के अरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों से बेहद चिंतित हैं।’’
उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से की गई कार्रवाई पर ध्यान दिया है। इसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और हिरासत में लिया जाना तथा उसके खिलाफ लगाए गए आरोप शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत विरोधी घृणा को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। नफरत से प्रेरित हिंसा को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाने, अधिक सतर्कता बरतने और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश