प्रयागराज (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) प्रयागराज में कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी में बृहस्पतिवार दोपहर जमीन को लेकर एक विवाद में जनपद न्यायालय के अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी दूसरे अधिवक्ता देवेन्द्र नाथ मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (नगर) सागर जैन ने बताया कि उच्च न्यायालय के अपर शासकीय अधिवक्ता देवेन्द्र नाथ मिश्रा आज एक विवादित संपत्ति पर पहुंचे और वहां सतीश चंद्र श्रीवास्तव द्वारा लगाए गए ताले को तोड़ दिया, फलस्वरुप दोनों के बीच वाद -विवाद हुआ।
उन्होंने बताया कि एक पक्ष ने गोली चला दी जिससे सतीश चंद्र श्रीवास्तव के पेट में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जैन के अनुसार सतीश चंद्र श्रीवास्तव को उनके परिजन एसआरएन अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार शाम कर्नलगंज थाने में सतीश चंद्र श्रीवास्तव की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव की तहरीर पर अधिवक्ता देवेन्द्र नाथ मिश्र, उनकी पत्नी शैल मिश्र, बेटे-अमरेंद्र नाथ मिश्र और निपेन्द्र नाथ मिश्र एवं 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
वर्षा ने तहरीर में बताया कि आज पूर्वाह्न लगभग 11 बजे देवेन्द्र नाथ मिश्र, उनकी पत्नी शैल मिश्र, बेटे अमरेन्द्र और निपेन्द्र और अन्य 8-10 अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए।
आरोप है कि इन लोगों ने सतीश चंद्र श्रीवास्तव और उनके साथी अधिवक्ता पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस दौरान, अमरेन्द्र और निपेन्द्र ने अपने पिता को हत्या के लिए उकसाया जिस पर देवेन्द्र नाथ मिश्र ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर सतीश चंद्र श्रीवास्तव को गोली मार दी।
पुलिस उपायुक्त जैन ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस घटना के सिलसिले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस के तीन दलों का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा विवादित संपत्ति के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
भाषा राजेंद्र राजकुमार
राजकुमार