गुरुग्राम, 15 अक्टूबर (भाषा) गुरुग्राम के सोहना के पास बृहस्पतिवार सुबह मवेशी तस्करी और एटीएम चोरी के मामलों में वांछित एक अपराधी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नूंह जिले के तावडू क्षेत्र के खरखड़ी गांव के रहने वाले मोहम्मद शाहिद उर्फ आडवाणी (27) की मुठभेड़ के दौरान मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। आडवाणी की स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से दो गायें बरामद की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे अपराध अन्वेषण एजेंसी (सीआईए) नूंह की टीम को सूचना मिली थी कि आडवाणी और उसके साथी एक वाहन में दो गायों को ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने गुरुग्राम-नूंह सीमा पर सिलानी गांव के पास वाहन को रोक लिया।
संदिग्धों द्वारा पुलिस टीम पर गोलीबारी किए जाने के बाद दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हुई थी।
अधिकारियों के अनुसार, आडवाणी 2018 में गुरुग्राम अपराध शाखा की हिरासत से फरार हो गया था और तब से विभिन्न राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आडवाणी करीब आठ साल तक गिरफ्तारी से बचता रहा।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस मुठभेड़ को ‘‘बड़ी सफलता’’ करार दिया।
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आडवाणी एक कुख्यात अपराधी था जिसके खिलाफ 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर मवेशी तस्करी और एटीएम उखाड़ने के आरोप थे।’’
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश