Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

स्टेलेंटिस भारत में तीन साल में करेगी 4,000 करोड़ रुपये का निवेश, 12 मॉडल लाएगी

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) वाहन ब्रांड 'जीप' एवं 'सिट्रोएन' की संचालक कंपनी स्टेलेंटिस इंडिया अगले तीन वर्षों में भारत में करीब 4,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी और 2030 तक घरेलू बिक्री तीन गुना करने के इरादे से 12 नए एवं अद्यतन मॉडल पेश करेगी।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश हजेला ने बृहस्पतिवार को पीटीआई-भाषा से कहा कि ‘फास्टलेन 2030’ योजना के तहत सात नए मॉडल और पांच मौजूदा मॉडल के अद्यतन संस्करण पेश किए जाएंगे। इनमें पहली पेशकश 2027 की अप्रैल-जून तिमाही में आने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘करीब 4,000 करोड़ रुपये के नए निवेश के साथ भारत में कंपनी का कुल निवेश बढ़कर 15,000 करोड़ रुपये हो जाएगा। यह राशि मुख्य रूप से नए उत्पादों, स्थानीय स्तर पर विनिर्माण और ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने पर खर्च की जाएगी।’’

हजेला ने कहा कि नए मॉडल में पेट्रोल-डीजल इंजन वाले वाहन के साथ सीएनजी विकल्प, हाइब्रिड और पूर्ण इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल होंगे। जीप के चार नए मॉडल और सिट्रोएन के तीन नए मॉडल पेश करने की योजना है।

कंपनी वाहनों में स्थानीय कलपुर्जों का इस्तेमाल बढ़ाकर लागत और प्रतिस्पर्धात्मकता सुधारने पर भी काम कर रही है। हजेला ने कहा कि सिट्रोएन के मॉडल में स्थानीयकरण का स्तर 90-95 प्रतिशत है, जबकि जीप मॉडल में यह 70-75 प्रतिशत है। नए जीप मॉडल में भी इसे 90 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य है।

स्टेलेंटिस की महाराष्ट्र और तमिलनाडु में तीन विनिर्माण इकाइयां हैं। कंपनी भारत में विकसित वाहनों का एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बाजारों में निर्यात भी करना चाहती है।

हजेला ने कहा कि कंपनी के देश में 300 से अधिक बिक्री एवं सेवा केंद्र हैं और वह खासकर दूसरे, तीसरे तथा चौथे दर्जे के शहरों में अपना नेटवर्क बढ़ाएगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय