नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में खंडित मूर्तियों के निस्तारण के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और प्लास्टइंडिया फाउंडेशन ने एक समझौता किया है जिसके तहत पहले चरण में निगम के विभिन्न वार्ड में 250 मूर्ति संग्रहण कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बाद खंडित मूर्तियों और उनसे जुड़ी पूजा-सामग्री को इन केंद्रों पर सम्मानपूर्वक जमा कर सकेंगे, जिसके बाद इस सामग्री का उचित प्रबंधन, पृथक्करण और पुनर्चक्रण किया जाएगा।
इसमें कहा गया है कि पहल का मुख्य उद्देश्य मूर्तियों और पूजा-सामग्री को सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या जल निकायों में अनियंत्रित रूप से विसर्जित करने से रोकना है।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘आस्था और श्रद्धा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं, लेकिन उनके साथ पर्यावरण संरक्षण का दायित्व निभाना भी आवश्यक है।’’
उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे धार्मिक सामग्री को खुले में छोड़ने के बजाय निर्धारित केंद्रों पर ही जमा करें ताकि शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।
इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने इस पहल की सराहना करते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक