Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

अमेरिका में भारत के राजदूत ने एसआईआर प्रक्रिया पर सांसद की टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताया

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (भाषा) भारत ने अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाने वाली टिप्पणियों को बृहस्पतिवार को ‘‘अस्वीकार्य’’ करार दिया।

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर जयपाल की टिप्पणियां भारत के आंतरिक मामलों में अस्वीकार्य हस्तक्षेप है।’’

जयपाल ने भारत में मतदाता सूची के मसौदे से 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की खबरों पर चिंता जताई थी।

क्वात्रा ने कहा, ‘‘भारत एक जीवंत लोकतंत्र है, जहां मजबूत और स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं हैं तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का लंबा इतिहास रहा है।’’

उन्होंने कहा कि वह जयपाल की गलतफहमियां दूर करने के लिए उनके साथ रचनात्मक बातचीत करने को हमेशा तैयार हैं।

वाशिंगटन राज्य से डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद जयपाल ने भारत में ‘‘लोकतंत्र विरोधी प्रयासों’’ का मुकाबला करने के लिए किए जा रहे अहिंसक विरोध प्रदर्शनों का समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि भारत में हो रहे घटनाक्रम अमेरिका में (डोनाल्ड) ट्रंप प्रशासन द्वारा लोकतंत्र में मतदान के अधिकारों को कमजोर करने के लिए अपनाए जा रहे तरीकों जैसे प्रतीत होते हैं।

जयपाल ने कहा कि हर जगह लोकतंत्र की रक्षा करना बेहद जरूरी है और भारतीय नागरिकों को भी अमेरिकियों की तरह स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव का अधिकार है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे समय में अहिंसक प्रतिरोध आंदोलन बेहद जरूरी हैं। मैं भारत में लोकतंत्र विरोधी प्रयासों का मुकाबला करने के लिए अहिंसक विरोध प्रदर्शन कर रहे भारतीय लोगों के साथ खड़ी हूं।’’

भारत निर्वाचन आयोग के साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पहले और दूसरे चरण के दौरान मसौदा मतदाता सूचियों से करीब 7.2 करोड़ नाम हटाए गए।

एसआईआर के तीसरे चरण के तहत 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूचियां प्रकाशित की गई हैं। इस चरण में हटाए गए मतदाताओं की संख्या 6.16 करोड़ है।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि यदि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम अनजाने में छूट गया है, तो वह दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के तहत नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके बाद वह प्रपत्र छह के माध्यम से भी नाम शामिल कराने का अनुरोध कर सकता है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश