Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया

मुंबई, 15 अक्टूबर (भाषा) भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज पूनम राउत ने बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की।

सैंतीस वर्षीय पूनम ने 2009 से 2021 के बीच भारत के लिए चार टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

पूनम ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘काफी सोच-विचार और आत्ममंथन के बाद मैंने खेल के सभी प्रारूपों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल नहीं रहा, बल्कि इसने मेरे व्यक्तित्व को निखारा, मुझे मुश्किल परिस्थितियों में डटे रहना सिखाया और ऐसी यादें दीं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। मैंने जब भी भारतीय जर्सी पहनी, हर बार इसे अपार गर्व और कृतज्ञता के साथ पहना। ’’

पूनम ने कहा, ‘‘भारतीय जर्सी पहनना मेरा सपना था जो हकीकत में बदला। मुझे जो भरोसा और समर्थन मिला, मैं हमेशा उसके लिए आभारी रहूंगी। ’’

पूनम ने अपने करियर को संवारने में घरेलू टीम के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘अपने शुरुआती वर्षों में मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं मुंबई क्रिकेट संघ की दिल से आभारी हूं। वहां मिले मौकों और मार्गदर्शन ने मेरे क्रिकेट करियर की नींव रखी। ’’

भाषा नमिता

नमिता