Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

मेरठ में फिरौती के लिए अपहरण, पांच आरोपी गिरफ्तार

मेरठ (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) मेरठ के परीक्षितगढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति का अपहरण कर उसके चाचा से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने एक संगठन से जुड़े पांच लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार ने बताया कि कुण्डा गांव निवासी छिन्दा सिंह ने शिकायत की थी कि बिना नंबर प्लेट वाली कार में सवार तीन लोगों ने उन्हें जबरन अगवा कर लिया और आरोपियों ने उनके चाचा को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी तथा रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

उन्होंने बताया कि परीक्षितगढ़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मोनू, आशीष, मुरसलीन, इकबाल और फिरोज को आज गिरफ्तार कर लिया।

कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार, पांच मोबाइल फोन, दो पहचान पत्र और एक वॉकी-टॉकी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि जांच में पांचों के ‘एंटी करप्शन सोशल वेलफेयर एसोसिएशन’ नामक संगठन से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मोनू के खिलाफ ब्रह्मपुरी और टीपीनगर थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं, जबकि फिरोज के खिलाफ भावनपुर थाने में दो अन्य मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि