पीलीभीत (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) पीलीभीत जिले में फसल बर्बाद होने से परेशान 34 वर्षीय किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उप जिलाधिकारी (सदर) श्रद्धा सिंह ने बताया कि बनौसा गांव में किसान महेश ने बुधवार देर रात खेत से लौटने के बाद कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्होंने बताया कि परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार बेमौसम बारिश से महेश की धान की फसल खराब हो गई थी, जबकि आवारा पशुओं ने गन्ने की फसल भी नष्ट कर दी थी।
परिजनों के मुताबिक, फसल बर्बाद होने और आर्थिक परेशानी के कारण महेश पिछले कुछ दिनों से तनाव में था और बुधवार देर रात उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
मृतक के बड़े भाई देवेंद्र ने प्रशासन को बताया कि उनके परिवार की 15 बीघा जमीन पर आवारा पशुओं का आतंक रहता है।
भाषा सं. सलीम सुरभि
सुरभि