Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

वाराणसी में तेज धमाके के बाद मकान ढहा, दो बच्चों समेत तीन लोग घायल

(फोटो के साथ)

वाराणसी (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम एक मकान के तेज धमाके के बाद ढह जाने से मलबे में दबकर एक महिला और दो बच्चे घायल हो गये।

इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सारनाथ क्षेत्र के पैगंबरपुर इलाके में तेज धमाके के बाद यह मकान धराशायी हो गया।

उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने बताया कि बचाव कार्य के दौरान मलबे से निकाले गये दो बच्चों और एक महिला को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीणा ने बताया कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार मकान में पटाखे बनाये जाते थे और उनका भंडारण भी किया जाता था।

पुलिस द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक प्रकरण में लापरवाही बरतने पर पुराना पुल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुज शुक्ला एवं संबंधित बीट के आरक्षी प्रकाशचंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि किसी कारणवश मकान में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद इमारत ढह गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान राजू खान नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो काफी समय से यहीं रहता है और उसका भाई सलीम भी पटाखों के कारोबार से जुड़ा है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार आस पास के लोगों द्वारा एक महिला के मलबे में दबे होने की बात कही जा रही थी जो राजू खान की मां बताई जा रही थी।

हालांकि स्थानीय लोगों के मुताबिक वह महिला मलबे से निकलकर कहीं चली गयी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब कोई भी अंदर मलबे में नहीं दबा है, लेकिन फिर भी एहतियातन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर मौजूद है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मकान में पटाखे बनाए जाने की बात सामने आई है।

डीसीपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है जो पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि