Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

लखनऊ के कैफे मालिक की मौत के मामले में मॉडल का दावा, कारोबारी ने आत्महत्या की

लखनऊ, 15 अक्टूबर (भाषा) लखनऊ में कैफे मालिक शिवा शर्मा की कथित हत्या के मामले में आरोपी फैशन मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे ने दावा किया है कि कारोबारी ने आत्महत्या की थी। उसने कहा कि वह पुलिस के सामने पेश होना चाहती है।

इस बीच, सोशल मीडिया पर श्रद्धा और शर्मा के कथित वीडियो सामने आए हैं। पुलिस उनका संज्ञान लेकर जांच कर रही है।

श्रद्धा ने एक वीडियो में कहा कि वह फरार नहीं है और अपना पक्ष पुलिस के सामने रखना चाहती है। उसने दावा किया कि शिवा शर्मा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और वह कर्ज नहीं चुका पाने पर आत्महत्या करने की बात कह चुका था।

श्रद्धा के मुताबिक, नौ अक्टूबर को शर्मा उसके अपार्टमेंट के बाथरूम में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, जिसके बाद उसने अपनी बहन से दरवाजा खुलवाने को कहा, लेकिन इससे पहले ही शर्मा बालकनी से कूद गया।

श्रद्धा ने मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक अन्य रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर शिवा शर्मा श्रद्धा के करीब छह लाख रुपये के गहने लेने और उन्हें लखनऊ के चौक इलाके में बेचने की बात स्वीकार करता सुनाई देता है।

हालांकि, इन वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए दावा किया कि उनके बेटे ने घटना से कुछ देर पहले फोन कर बताया था कि श्रद्धा उसे बाहर बुला रही है।

रंजना ने बेटे को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप भी लगाया।

शिवा शर्मा की नौ अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट से संदिग्ध हालात में गिरने से मौत हो गई थी। परिजनों के हत्या के आरोप लगाने के बाद हजरतगंज थाने में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे, वाहन चालक तनवीर और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने श्रद्धा, रश्मि और तनवीर अली उर्फ दानिश की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

श्रद्धा के नाम पर पंजीकृत एक कार बुधवार को बहराइच के रुपईडीहा में नेपाल सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर लावारिस पायी गयी थी।

भाषा किशोर सलीम सुरभि

सुरभि