बारीपदा, 15 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित सिमिलीपाल बाघ अभयारण्य (एसटीआर) मानसून के कारण जून से बंद रहने के बाद एक नवंबर से पर्यटकों के लिए फिर खुल जाएगा। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।
एसटीआर के क्षेत्र निदेशक प्रकाश चंद्र गोगिनेनी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अभयारण्य में प्रतिदिन अधिकतम 60 वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। लेकिन इन वाहनों के सबसे निचले हिस्से और जमीन के बीच कम से कम 180 मिलीमीटर की दूरी होनी चाहिए।
अभयारण्य को 29 जून को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था।
पर्यटक सुबह पांच बजे से नौ बजे के बीच जशीपुर प्रवेश द्वार से और सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच बारीपदा मंडल के पीठाबाता प्रवेश द्वार से राष्ट्रीय उद्यान में प्रवेश कर सकते हैं।
अधिसूचना में कहा गया है कि पर्यटकों को जोरांडा और बरेहीपानी जलप्रपात से शाम चार बजे से पहले निकलना होगा और उसी दिन शाम छह बजे तक अभयारण्य से बाहर जाना होगा।
इसमें कहा गया है कि उद्यान में प्रवेश करने वाले प्रत्येक पर्यटक वाहन के साथ एक गाइड का होना अनिवार्य है।
अभयारण्य में प्रवेश के लिए अनुमति वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा और अभयारण्य में प्रवेश से पहले निर्धारित नियमों का पालन करने संबंधी लिखित शपथपत्र देना होगा।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश