नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के पास उनके व्यक्तिगत हाव-भाव, पहनावे और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर टिप्पणी करने के अलावा कोई विषय नहीं रह गया है।
गुप्ता ने कहा कि विपक्ष को उनकी व्यक्तिगत गतिविधियों पर ध्यान देने के बजाय दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा करनी चाहिए।
गुप्ता ने यह टिप्पणी ‘सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत लोकनायक अस्पताल में अत्याधुनिक ‘ड्यूल सोर्स 256-स्लाइस’ सीटी स्कैन मशीन और तीन अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का उद्घटान करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में की।
दरअसल, गुप्ता का एक वीडियो हाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
गुप्ता ने इस वीडियो को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाया हुआ बताते हुए कहा, ‘‘अच्छा है कि विपक्षी दलों के लोग एआई वीडियो से प्रभु राम का नाम तो ले रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इतना कह सकती हूं, आम आदमी पार्टी के लोग बेरोजगार हो चुके हैं और उनके पास कोई काम नहीं है। उनका सारा ध्यान दिल्ली की मुख्यमंत्री पर है। मैं क्या बोल रही हूं, कैसे खड़ी हूं, साड़ी बदली है या नहीं... उनका सब चीजों पर ध्यान रहता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को उनकी व्यक्तिगत गतिविधियों पर ध्यान देने के बजाय दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा करनी चाहिए।
गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की पिछली सरकारों के कार्यकाल में उपेक्षित रही व्यवस्थाओं को सुधारने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने पंजाब में कथित तौर पर बढ़ते अपराध, नशा तस्करी और लोगों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए विपक्ष की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।
इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि लोकनायक अस्पताल में लगाई गई ड्यूल सोर्स 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन और 3 टेस्ला एमआरआई की अत्याधुनिक मशीनों से दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में विश्वस्तरीय जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बयान के मुताबिक, इससे आपात स्थिति, हृदय रोग, कैंसर, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, हड्डियों और बच्चों से जुड़ी बीमारियों की जांच की क्षमता बढ़ेगी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि लोक नायक अस्पताल में अब अत्याधुनिक ‘डुअल सोर्स सीटी स्कैनर’ और ‘3-टेस्ला एमआरआई सिस्टम’ से मरीजों को और ज्यादा बेहतर तथा बेहद तेज गति से जांच की सुविधाएं मिलेंगी।
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक