अदन (यमन), 15 अक्टूबर (एपी) यमन के तटीय शहर अदन में देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले महल के पास बृहस्पतिवार को कम से कम छह विस्फोटों की आवाज सुनी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी।
धमाकों के कारण स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई और लोग इलाके से भागने लगे।
इस संबंध में एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कम से कम दो धमाके 'माशिक पैलेस' (सरकारी महल) के पास पहाड़ी की चोटी पर हुए, जबकि दो अन्य धमाके नीचे महल की ओर जाने वाले मुख्य सुरक्षा गेट के पास सुने गए।
ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से जुड़े मीडिया ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि सरकारी महल के भीतर स्थित एक अभियान केंद्र और हथियारों के गोदाम को निशाना बनाकर यह कार्रवाई की गई।
हूती से संबद्ध 'सबा' समाचार एजेंसी से एक अधिकारी ने कहा कि संबंधित अभियान केंद्र का संचालन सऊदी अरब के अधिकारी कर रहे थे, हालांकि उन्होंने इस दावे का कोई सबूत नहीं दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के इस परिसर के इतने करीब धमाके होना बेहद असामान्य बात है।
वहीं, एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि सरकार के कई नेता निर्वासन में रह रहे हैं और जो अदन में मौजूद थे, वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एपी सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल