Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

दिल्ली हवाई अड्डे पर फास्टैग वाले वाहनों के प्रवेश पर लगी पाबंदी हटी: एनएचएआई

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर फास्टैग लगे वाहनों के प्रवेश पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं।

यह कदम नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार की शिकायत के बाद उठाया गया है। उन्होंने कहा था कि दिल्ली हवाई अड्डे पर वार्षिक फास्टैग पास वाले वाहनों को टर्मिनल-3 के प्रस्थान मार्गों पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

कुमार ने 13 अक्टूबर को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी जीएमआर ने अचानक नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत वार्षिक फास्टैग पास वाले वाहनों को प्रस्थान मार्गों पर प्रवेश के लिए अपने मुख्य खाते में भी बैलेंस रखना अनिवार्य कर दिया गया था। ऐसा नहीं होने पर वाहनों को पार्किंग में जाने के लिए कहा जा रहा था।

उन्होंने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यात्रियों को इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई और न ही कोई स्पष्टीकरण दिया गया। उन्होंने एनएचएआई और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) से मामले में हस्तक्षेप कर व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की थी।

इस पर फास्टैग का प्रबंधन करने वाली इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी ने जवाब दिया था कि हवाई अड्डों की पार्किंग सुविधाओं के भुगतान के लिए फास्टैग का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसे वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के माध्यम के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

कंपनी ने कहा था कि मामले को संज्ञान में लिया गया है और संबंधित बैंक को इस तरह की पाबंदियां समाप्त करने का निर्देश दिया गया है।

एनएचएआई ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर लिखा कि यात्रियों को हो रही असुविधा दूर करने के लिए संबंधित पक्षों के साथ यह मामला उठाया गया था।

प्राधिकरण ने कहा, “संबंधित अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर फास्टैग वाले वाहनों के प्रवेश पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं।”

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण