Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

चीन पहली छमाही में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार रहा

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) भारत का चीन के साथ द्विपक्षीय व्यापार चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-सितंबर छमाही में करीब 29 प्रतिशत बढ़कर 91.76 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

व्यापार बढ़ने के साथ ही चीन इस अवधि में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया।

दोनों देशों के बीच व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-सितंबर छमाही में 71.24 अरब डॉलर था।

आंकड़ों के अनुसार, चीन को भारत का निर्यात 36 प्रतिशत बढ़कर 11.41 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में 8.38 अरब डॉलर था। वहीं, चीन से आयात 27.82 प्रतिशत बढ़कर 80.34 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 62.86 अरब डॉलर था।

समीक्षाधीन छमाही में व्यापार घाटा बढ़कर 68.93 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में 54.06 अरब डॉलर था।

चीन के बाद अमेरिका भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार रहा। अमेरिका के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 16.5 प्रतिशत बढ़कर 83.14 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 71.39 अरब डॉलर था।

अमेरिका को भारत का निर्यात 11.11 प्रतिशत बढ़कर 50.81 अरब डॉलर हो गया, जबकि अमेरिका से आयात 25.98 प्रतिशत बढ़कर 32.32 अरब डॉलर रहा। पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में ये आंकड़े क्रमशः 45.73 अरब और 25.66 अरब डॉलर थे।

आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-सितंबर 2026-27 के दौरान सिंगापुर और तंजानिया को भारत का निर्यात क्रमशः 103 प्रतिशत और 122.5 प्रतिशत बढ़ा। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड और सऊदी अरब को निर्यात में गिरावट दर्ज की गई।

इस अवधि में ओमान से भारत का आयात 210.9 प्रतिशत बढ़ा, जबकि ब्राजील से आयात में 143.13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यूएई, सऊदी अरब और स्विट्जरलैंड से आयात में गिरावट आई।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 14 अक्टूबर को कहा था कि भारत चीन के साथ संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है, हालांकि इस प्रक्रिया का अंतिम परिणाम अभी तय नहीं है।

भारत-चीन व्यापार संबंधों पर वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि दोनों देश एक-दूसरे के संपर्क में हैं।

भाषा यासिर अजय

अजय