Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

इमरान खान: बॉलीवुड की चकाचौंध से राजनीति के उथल-पुथल भरे सफर तक

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) वर्ष 2008 में अपनी पहली फिल्म “जाने तू... या जाने ना” से शानदार शुरुआत कर धीरे-धीरे मनोरंजन जगत की सुर्खियों से दूर हुए अभिनेता इमरान खान बृहस्पतिवार को अचानक राष्ट्रीय पटल पर चर्चा में आ गए, जब मुंबई पुलिस ने उन्हें एक नोटिस जारी कर 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया है।

जन्म से अमेरिकी नागरिक और दिग्गज फिल्म निर्माता नासिर हुसैन के नाती इमरान बॉलीवुड के एक प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जिन पर आव्रजन और विदेशी अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। उनके वकील ने कहा है कि इस फैसले को मुंबई उच्च न्यायालय में चुनौती दी जाएगी।

पांच दिन पहले, 10 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए इमरान की मुस्कुराती हुई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुए थे।

पुलिस वैन में अपनी तस्वीर के साथ इंस्टाग्राम पर साझा की गई एक पोस्ट में इमरान ने लिखा, “ऐसा लगता है कि मैं सैर (ड्राइव) पर जा रहा हूं।” तस्वीर में वह हवा में हाथ उठाकर शांति का प्रतीक चिन्ह बनाते नजर आ रहे हैं। अभिनेता के साथ उस समय उनकी साथी लेखा वाशिंगटन और चचेरी बहन जाइन मैरी खान भी मौजूद थीं।

ओसीआई (ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया) कार्डधारक 43 वर्षीय अभिनेता का जन्म अमेरिका में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनिल पाल और मनोवैज्ञानिक नुजहत खान के घर हुआ था। नुजहत खान “दिल देके देखो”, “यादों की बारात” और “कारवां” जैसी सुपरहिट फिल्में बनाने वाले नासिर हुसैन की बेटी हैं।

इमरान की मां अभिनेता आमिर खान की चचेरी बहन हैं।

माता-पिता के अलग होने के बाद इमरान मुंबई आ गए थे। उन्होंने मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल, कुन्नूर के ब्लू माउंटेन स्कूल और ऊटी के एक गुरुकुल में पढ़ाई की। उच्च शिक्षा के लिए वह कैलिफोर्निया चले गए।

अपने फिल्मी करियर के शुरुआती समय में दिए साक्षात्कारों में इमरान ने बताया था कि उन्होंने अपनी मां का उपनाम अपनाया क्योंकि उनका पालन-पोषण मुख्य रूप से भारत में उनकी मां और सौतेले पिता राज जुत्शी के साथ ही हुआ था।

यद्यपि इमरान सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा सक्रिय नहीं रहते हैं, लेकिन उन्होंने जून-जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन और फिर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी आंदोलन के दौरान खुलकर आवाज उठाई और दोनों प्रदर्शनों में भाग भी लिया।

विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने की वजह बताते हुए यूट्यूब चैनल 'मैं हूं युवा' को दिए एक साक्षात्कार में इमरान ने कहा था, “किसी राजनीतिक पद पर बैठे व्यक्ति की आलोचना करना देश की आलोचना करना नहीं है... कोई भी राजनेता पूरा देश नहीं होता। किसी भी मोड़ पर जो लोग आवाज उठाते हैं, वे यहां के नागरिक हैं और देश उनसे ही बनता है, उतना ही जितना किसी एक राजनेता से।”

उन्होंने कहा, “यदि लोकतंत्र के नियमों के तहत आपकी संख्या उस राजनेता से अधिक है, तो उस अकेले नेता की तुलना में देश का प्रतिनिधित्व आप अधिक करते हैं। इसलिए, हमें इस अवधारणा को भी अलग करके देखना होगा, वह अवधारणा कि आपको देश के प्रति अपने प्रेम को साबित करने या उसका बचाव करने की आवश्यकता है।”

उसी साक्षात्कार में अभिनेता ने कहा था कि जब लोग डरे हुए हों तो लोकतंत्र पनप नहीं सकता।

इमरान खान का फिल्मी करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा और अंत में उन्होंने इस उद्योग से दूरी बना ली थी। वर्ष 2024 में दिए एक साक्षात्कार में अभिनेता ने स्वीकार किया था कि बॉलीवुड छोड़ने के बाद वे अवसाद में चले गए थे।

उन्होंने 'कयामत से कयामत तक' और 'जो जीता वही सिकंदर' जैसी फिल्मों में आमिर खान के बचपन की भूमिकाएं निभाई थीं। उनकी पहली मुख्य फिल्म 'जाने तू...' की बड़ी सफलता के बाद लोग उन्हें रणबीर कपूर के साथ बॉलीवुड का अगला बड़ा स्टार मानने लगे थे।

इसके बाद उन्होंने 'आई हेट लव स्टोरीज', 'ब्रेक के बाद', 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' और 'एक मैं और एक तू' जैसी 'चॉकलेट बॉय' (रोमांटिक छवि वाले) किरदारों वाली फिल्मों में काम किया, जिन्होंने औसत कारोबार किया।

उन्होंने 'किडनैप' और 'लक' जैसी एक्शन फिल्मों में प्रयोग करते हुए अपनी लीक से हटकर कुछ अलग करने (चॉकलेटी बॉय की छवि तोड़ने) की कोशिश की, लेकिन दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुईं।

इसके बाद 2011 में उन्होंने 'दिल्ली बेली' के रूप में अपने करियर की दूसरी बड़ी हिट फिल्म दी। अंग्रेजी भाषा की इस ‘डार्क कॉमेडी’ ने अपने बेबाक हास्य, गाली-गलौच से भरे संवादों व गानों और शहरी जीवन के बेपरवाह चित्रण के कारण दर्शकों के बीच एक अलग पहचान बनाई।

उसी दौरान इमरान ने अपनी बचपन की दोस्त अवंतिका मलिक से शादी की और 2014 में उनकी बेटी इमारा का जन्म हुआ। हालांकि, बाद के वर्षों में उनकी कई फिल्में लगातार फ्लॉप रहीं। इसके बाद इमरान ने अभिनय से लंबा विश्राम ले लिया और इसी दौरान उनका व्यक्तिगत जीवन भी प्रभावित हुआ। अवंतिका से उनका तलाक हो गया।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत