Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

वाराणसी में तेज धमाके के बाद मकान ढहा, एक महिला के दबे होने की आशंका

(फोटो के साथ)

वाराणसी (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक मकान संदिग्ध रूप से पटाखों में तेज धमाका होने के कारण ढह गया। स्थानीय लोगों ने मलबे में एक महिला के दबे होने की आशंका जताई है।

पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सारनाथ क्षेत्र के पैगंबरपुर इलाके में मकान तेज धमाके के बाद धराशायी हो गया।

उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि किसी कारणवश मकान में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद इमारत ढह गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और अग्निशमन सेवा के दल जुटे हुए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान राजू खान नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो काफी समय से यहीं रहता है उसका भाई सलीम भी पटाखों के कारोबार से जुड़ा है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार आस पास के लोगों द्वारा एक महिला के मलबे में दबे होने की बात कही जा रही है, जो राजू खान की मां बताई जा रही है।

पांडेय ने बताया कि मौके पर निरीक्षण के दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले कुछ पटाखे और गंध पायी गयी है।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह माना जा रहा है कि पटाखे की वजह से की यह धमाका हुआ है जिससे मकान ढह गई।

डीसीपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है जो पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार