नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) से जुड़े छात्रों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां गोल डाक खाने के पास से हिरासत में ले लिया।
'पीटीआई वीडियो' के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को जबरन पुलिस बस में बैठाया गया। बाद में कुछ प्रदर्शनकारी बस की खिड़कियों से बाहर निकलते दिखाई दिए, जबकि इस दौरान 'वंदे मातरम' के नारे गूंज रहे थे।
विद्यार्थियों तथा एआईएसएफ और एआईवाईएफ के सदस्यों ने बताया कि वे 'तिरंगा मार्च' के तहत भारतीय राष्ट्रध्वज लेकर कनॉट प्लेस से पैदल आगे बढ़े थे।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में छात्र बारिश के बीच मार्च निकालते हुए देखे गए।
यह प्रदर्शन मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग कर रहे विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों की श्रृंखला के तहत आयोजित किया गया था।
यह कार्रवाई कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शुक्रवार शाम पांच बजे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर आयोजित होने वाले 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से ठीक एक दिन पहले हुई है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश