Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

सितंबर में खाद्य तेल आयात सात प्रतिशत घटकर 15.44 लाख टन

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) भारत का खाद्य तेल आयात सितंबर में सालाना आधार पर सात प्रतिशत घटकर 15.44 लाख टन रह गया। उद्योग संगठन सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार, कच्चे सूरजमुखी तेल के आयात में भारी गिरावट इसकी प्रमुख वजह रही।

पिछले साल सितंबर में देश का खाद्य तेल आयात 16.58 लाख टन रहा था।

एसईए की ओर से बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में कच्चे सूरजमुखी तेल का आयात घटकर करीब 1.05 लाख टन रह गया, जो एक साल पहले इसी महीने में 2.72 लाख टन था।

हालांकि, तेल वर्ष 2025-26 के पहले 11 महीनों (नवंबर, 2025 से सितंबर, 2026) के दौरान कुल खाद्य तेल आयात तीन प्रतिशत बढ़कर 151.64 लाख टन हो गया। पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में यह 146.83 लाख टन था।

नवंबर, 2025 से सितंबर, 2026 के दौरान खाद्य और अखाद्य तेलों सहित कुल वनस्पति तेलों का आयात बढ़कर 154.64 लाख टन हो गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 150.31 लाख टन था।

एसईए के अनुसार, समीक्षाधीन अवधि में रिफाइंड तेल का आयात घटकर 7,40,441 टन रह गया, जो पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में 16,89,228 टन था।

इसके परिणामस्वरूप कुल खाद्य तेल आयात में रिफाइंड तेल की हिस्सेदारी 12 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत रह गई। संगठन ने बताया कि इंडोनेशिया और मलेशिया से रिफाइंड पामोलीन का आयात नगण्य रहने के कारण इसमें गिरावट आई।

इसके विपरीत, कच्चे खाद्य तेलों का आयात पर्याप्त बढ़कर 1,44,23,939 टन हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,29,93,972 टन था। कुल खाद्य तेल आयात में कच्चे तेलों की हिस्सेदारी भी 88 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गई।

एसईए ने कहा कि इस वृद्धि की प्रमुख वजह कच्चे पाम तेल का अधिक आयात रहा, जिसने रिफाइंड पामोलीन के आयात की जगह ली। इसके अलावा, नेपाल से भारत को रिफाइंड सोयाबीन तेल का निर्यात भी काफी बढ़ा है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय