मुंबई, 15 अक्टूबर (भाषा) मुंबई के गोरेगांव ईस्ट में एक रिहायशी इमारत की छठी मंजिल से गिरने के बाद 18 महीने की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज से इस घटना में 10 वर्षीय एक बच्ची की भूमिका होने का संकेत मिला है।
एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना बुधवार रात शिवशाही इमारत में हुई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की गई है। हालांकि, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा से पता चला कि 10 वर्षीय बच्ची ने नन्ही बच्ची को उठाया और छठी मंजिल से कथित तौर पर नीचे धकेल दिया।’’
उन्होंने कहा,‘‘ फुटेज में नन्ही बच्ची छठी मंजिल से गिरती हुई दिखाई देती है। कुछ ही क्षण बाद, बच्ची को कथित तौर पर नीचे फेंकने वाली नाबालिग वहां से भागती हुई दिखाई देती है। इसके बाद वह उसी मंजिल के गलियारे में साइकिल चलाती भी नजर आती है।’’
इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि मृत बच्ची के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि घटना को छिपाने की कोशिश में नाबालिग बच्ची के परिजनों ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनाक्रम और पीड़ित परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है।’’
भाषा राखी नरेश
नरेश