Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

सचिन पायलट ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की आलोचना की

(फाइल फोटो के साथ)

जयपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार की आलोचना की।

उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर असंवैधानिक तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की भी मांग की।

पायलट ने यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में अपने हक को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को रात तीन तीन बजे हिरासत में लेकर थानों में ले जाया गया।

पायलट ने कहा,‘‘दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे लोगों को रात के तीन बजे पकड़ना, उन्हें बसों में भरकर ले जाना और थानों में ठूंस देना ... इससे सरकार का घमंड एवं अहंकार झलकता है।’’

उन्होंने कहा,‘‘हमारे संविधान में किसी भी व्यक्ति को अपनी बात रखने, धरना देने का, मांग रखने का अधिकार हे।’’

पायलट ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को, खासकर युवाओं को जिस तरह से हिरासत में लिया जा रहा है, उन पर लाठियां चलाई जा रही हैं यह बहुत ही नकारात्मक है, इसकी निंदा की जानी चाहिए।

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने निर्वाचन आयोग के कामकाज पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा,‘‘उसने भारत के 13.30 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने की योजना बना रखी है। संविधान में हमारा सबसे मजबूत अधिकार मताधिकार है। उसको आप छीन लें तो आप किस प्रकार के लोकतंत्र की बात करना चाहते हैं?’’

उन्होंने आरोप लगाया कि दो निर्वाचन आयुक्तों ने भी आयोग के उन फैसलों पर आपत्ति जताई जो उनसे बिना सलाह किए गए।

कांग्रेस नेता ने निर्वाचन आयोग पर निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा,‘‘इस सरकार ने पहले 'नोटबंदी' की थी , अब वह 'वोटबंदी' कर रही है। मुझे लगता है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जाना पड़ेगा। उन्होंने जो कुछ किया है वह गलत है, गैर कानूनी है। ऐसे में उनके पास पद छोड़ने के सिवा कोई चारा नहीं है।’’

राजस्थान की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए पायलट ने पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना की कथित हत्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े एक पूर्व विधायक की हत्या सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने मानसा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने वाले एक व्यक्ति की हत्या का जिक्र करते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की भी आलोचना की।

पायलट कांग्रेस के पंजाब मामलों के पार्टी प्रभारी हैं।

पायलट ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असमर्थ है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर पायलट ने भरोसा जताया कि कांग्रेस बहुमत हासिल करेगी।

पायलट ने दावा किया कि ग्रामीण मतदाता राजस्थान की भाजपा सरकार से नाराज हैं।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार