नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के आयोजकों ने कहा कि 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले 2026-27 सत्र के पहले पांच मुकाबलों को यूट्यूब पर 6.5 करोड़ ‘व्यूज’ मिले।
अनुमान के मुताबिक इन मुकाबलों को 5.2 करोड़ दर्शकों ने देखा। सत्र की शुरुआत 10 अक्टूबर को बेंगलुरू एफसी और स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के बीच मुकाबले से हुई।
आयोजकों की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस शुरुआती मैच को विभिन्न प्रसारण प्रारूपों में यूट्यूब पर 89 लाख व्यूज मिले और अंग्रेजी प्रसारण पर सबसे ज्यादा 85,277 दर्शक जुड़े।
इंटर काशी और केरला ब्लास्टर्स एफसी के बीच मुकाबले में अंग्रेजी प्रसारण पर सर्वाधिक 3,49,073 दर्शक जुड़े।
वहीं, हिंदी प्रसारण में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी और मोहन बागान सुपर जायंट के बीच मुकाबला आगे रहा, इस मैच के दौरान हिंदी प्रसारण पर सर्वाधिक 1,00,660 दर्शक जुड़े।
आईएसएल मुकाबले यूट्यूब पर लाइव देखे जा सकते हैं और ये बिना किसी भुगतान के उपलब्ध हैं।
भाषा नमिता
नमिता