इंफाल, 15 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 84 जवानों को बृहस्पतिवार को नाश्ता करने के बाद खाद्य विषाक्तता की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ये जवान बुधवार को किसी अन्य स्थान से यहां पहुंचे थे और 'इंफाल वेस्ट' जिले के लामशांग में एक निर्माण स्थल पर ठहरे हुए थे।
उन्होंने सुबह करीब साढ़े आठ बजे नाश्ते में पूड़ी और आलू की सब्जी खाई थी, जिसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि इन जवानों को दोपहर करीब एक बजे क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) लाया गया।
अधिकारी ने कहा, 'बीएसएफ के जवानों को आपातकालीन विभाग में तत्काल उपचार दिया गया और अब उनकी हालत स्थिर है। संदिग्ध तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।'
रिम्स के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक एम. रामेश्वर ने पत्रकारों से कहा, “उनकी तबीयत और खराब होने के कोई संकेत नहीं हैं। खाद्य विषाक्तता की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।”
इस बीच, मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने अस्पताल में भर्ती जवानों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई।
सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'हमारे सुरक्षा कर्मियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। मैं सभी प्रभावित जवानों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं। संबंधित अधिकारियों से आग्रह है कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।'
भाषा
शुभम नरेश
नरेश