बगहा, 15 अक्टूबर (भाषा) बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में शराब आपूर्ति के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद आरोपी व्यक्तियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी (एसएचओ) समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 10 बजे नौतनरंगिया थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की हिरासत में लिए गए आरोपी को हमलावरों ने कथित तौर पर जबरन छुड़ा लिया।
नौरंगिया के थाना प्रभारी राज रौशन के नेतृत्व में पांच पुलिसकर्मियों की टीम आरोपी नागेंद्र बीन और भुलन बीन गिरफ्तार करने पहुंची थी, जिनके खिलाफ शराब आपूर्ति के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था।
उन्होंने बताया, ‘‘टीम ने भुलन बीन को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन पुलिस की कार्रवाई के दौरान करीब एक दर्जन लोगों ने विरोध किया और टीम से उलझ गए।’’
आरोप है कि लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ हाथापाई की। इस दौरान लोगों ने थाना प्रभारी की वर्दी भी फाड़ दी और नागेंद्र बीन को जबरन छुड़ा लिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में तीन लोगों- रौशन कुमार, प्रदीप कुमार और रामवृक्ष चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा कैलाश राजकुमार सुरभि
सुरभि