Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

महिला अपराधों पर कांग्रेस की राजनीति 'दोहरी, पाखंडी और शर्मनाक':उत्तराखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भट्ट

देहरादून, 15 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को महिला अपराधों पर कांग्रेस की राजनीति को 'दोहरी, पाखंडी और शर्मनाक' बताते हुए कहा कि जेएनयू यौन शोषण के आरोपी सांसद को संरक्षण देने वाले उसके नेता उत्तराखंड की छवि खराब कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अंकिता भंडारी की दुखद मौत पर कांग्रेस की शर्मनाक राजनीति समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा अपने उस प्रिय प्रोफेसर सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करके उसके कुकर्मों पर पर्दा डाल रहे हैं जिसे जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में 11 छात्राओं के यौन शोषण का दोषी पाये जाने के बाद बर्खास्त किया गया है, वहीं दूसरी तरफ दिवंगत बेटी पर शर्मनाक राजनीति कर देवभूमि को अपमानित करने का पाप कर रहे हैं।’’

भट्ट ने कहा कि इससे कांग्रेस का दोहरा और पाखंडी चेहरा फिर से उजागर हो गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े होकर कठोरता से न्याय सुनिश्चित करवाया है और परिवार की इच्छानुसार हर संभव मदद की है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की मजबूत जांच और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप अंकिता हत्याकांड के तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा हुई।

उन्होंने कहा कि जांच से लेकर कानूनी पैरवी तक प्रत्येक अवसर पर पीड़ित परिवार की इच्छा को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि हालांकि बेटी के असमय चले जाने की तकलीफ को दूर नहीं किया जा सकता लेकिन परिवार की मांग पर तीन बार सरकारी वकील बदले गए, अंकिता के माता-पिता की मांग पर सीबीआई जांच की सिफारिश की गयी, उन्हें 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के साथ दिवंगत अंकिता के भाई को नौकरी दी गई ।

भटट ने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस नेताओं को हर बार नकारती रही है और अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी उन्हें सबक सिखाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ देवभूमि की छवि खराब करने के पाप को राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी । कांग्रेस के इस पाप का घड़ा 2027 में पूरी तरह फूट जाएगा।’’

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार