Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

राहुल ने प्रदर्शनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा नेताओं को बताया ‘बब्बर शेर’

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी के तीन अग्रिम संगठनों भारतीय युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और सेवा दल के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया तथा ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ हुए हालिया प्रदर्शनों में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए उनकी सराहना की।

कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में खरगे और राहुल गांधी ने इन संगठनों के नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन संगठनों के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि वे ‘‘बब्बर शेर’’ हैं जो डटकर खड़े हुए हैं।

कार्यक्रम के बाद खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के युवा देश की राजनीतिक दिशा तय करने में हमेशा अग्रणी रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज नयी दिल्ली के इंदिरा भवन में एनएसयूआई, भारतीय युवा कांग्रेस और सेवा दल के नेताओं के साथ सार्थक संवाद हुआ। इन नेताओं ने पुलिस की कठोर कार्रवाई का सामना करते हुए भी मोदी सरकार के अधिनायकवाद को साहसपूर्वक चुनौती दी है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के युवा और अग्रिम संगठन ‘‘युवा विरोधी सरकार’’ को जवाबदेह ठहराने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और देश की संस्थाओं की विश्वसनीयता की हिफाजत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

खरगे का कहना था, ‘‘उनका साहस और दृढ़ संकल्प भारत के लोकतंत्र की रक्षा करने के हमारे सामूहिक संकल्प को और मजबूत करता है।’’

कांग्रेस पिछले कुछ समय से कथित ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग पर हमलावर है तथा पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इसे लेकर विभिन्न स्तरों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाषा हक

हक नरेश

नरेश