ईटानगर, 15 अक्टूबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को 21 सहायक प्राध्यापकों को नियुक्ति पत्र व पदस्थापना आदेश सौंपते हुए उनसे बिना किसी देरी के आवंटित सरकारी कॉलेजों में कार्यभार संभालने का आग्रह किया, क्योंकि शैक्षणिक सत्र पूर्व में शुरू हो चुका है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, खांडू ने कहा कि सरकार इन (सहायक प्राध्यापक) पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाई है ताकि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित भर्ती प्रक्रिया के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
तत्काल कार्यभार संभालने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, 'हमने सभी सफल सहायक प्राध्यापकों को पदस्थापना स्थान के साथ नियुक्ति पत्र देने के लिए यह कार्यक्रम त्वरित रूप से आयोजित किया, क्योंकि शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और हम इस प्रक्रिया में और देरी नहीं कर सकते।'
खांडू ने नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों से उसी मेहनत और लगन के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया जिसके बूते उन्होंने भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश