Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

बिहार: भोजपुर में पूर्व सहायक आयुक्त की हत्या, एसएचओ निलंबित

आरा, 15 अक्टूबर (भाषा) बिहार के भोजपुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह तीन अज्ञात नकाबपोशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राम कुमार सिंह (68) के रूप में हुई है जो सीमा शुल्क विभाग के पूर्व सहायक आयुक्त (एसी) थे और शाहाबाद क्षेत्र के क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित थानाध्यक्ष (एसएचओ) को निलंबित कर दिया गया है तथा सिंह के परिजनों के आरोपों के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि सिंह बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे यहां अपने बेटे के साथ रोजाना की तरह सैर के लिए रमना मैदान जा रहे थे, उसी दौरान जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास बदमाशों ने उन पर नजदीक से कम से कम सात से आठ गोलियां चलाईं।

उन्होंने बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे और गोली मारने के बाद फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार सिंह को तत्काल आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दीक्षित ने बताया कि सिंह के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि भूमि विवाद को लेकर उन्हें धमकियां मिल रही थीं तथा पहले भी उनकी हत्या की कोशिश की गई थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर उन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में नवादा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस बीच, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार