Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी; कई पर्वतीय दर्रे बंद

(तस्वीरों के साथ)

शिमला, 15 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि निचले एवं मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, लाहौल और स्पीति के शिंकु ला, बारालाचा ला, कुंजुम ला, कोकसर, जिस्पा, केलांग और गोंदला में बर्फबारी हुई। इसके अलावा चंबा के सुरल और साच दर्रे तथा कांगड़ा जिले की धौलाधार पर्वत शृंखलाओं में भी बर्फ गिरी है।

इस ताजा बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले दर्रों पर सड़कें फिसलन भरी होने से यात्रा का जोखिम बढ़ गया है। इसके चलते रोहतांग दर्रे से सरचू; दारचा से शिंकु ला और ग्रामफू से बटाल जाने वाली सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

यहां मिली खबरों के मुताबिक, पांगी घाटी के सुरल में तीन इंच बर्फ दर्ज की गई, जबकि साच दर्रे में लगभग एक फुट बर्फबारी हुई। सुरक्षा के लिहाज से साच दर्रे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने कहा कि शिंकु ला, बारालाचा ला और कुंजुम ला की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।

लाहौल-स्पीति पुलिस ने पर्यटकों एवं सभी लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से पहले सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने का अनुरोध किया है।

किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोगों से यातायात और मौसम संबंधी परामर्श का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

बर्फबारी के बाद लाहौल और स्पीति के गोंदला के पास फंसे लगभग 100 वाहनों को पुलिस टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

समय से पहले हुई इस बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों और इससे जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्हें आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम में आए इस बदलाव से मनाली और धर्मशाला के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिये हैं और अलाव जलाना शुरू कर दिया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि लाहौल-स्पीति और मनाली की चोटियों पर अक्टूबर के महीने में हुई यह बर्फबारी हिमखंडों, पर्यटन और खेती के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।

स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार, बुधवार शाम से खदराला में सबसे अधिक 81 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा धर्मशाला में 28 मिमी, पालमपुर में 19 मिमी, कुकुमसेरी में 15.9 मिमी, निचार में 13 मिमी, सराहन में 10.9 मिमी और भरमौर में सात मिमी वर्षा हुई है।

मौसम विभाग ने शनिवार तक राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश