नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से एल. मुरुगन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी।
सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुरुगन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह तमिलनाडु लौटकर राज्य में भाजपा को मजबूत करना चाहते हैं।
राष्ट्रपति भवन की ओर से बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘भारत की राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत केंद्रीय मंत्रिपरिषद से डॉ. एल. मुरुगन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।’’
जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह बिट्टू के बाद यह मंत्रिपरिषद से किसी राज्य मंत्री का तीसरा इस्तीफा था। कुरियन और बिट्टू ने क्रमशः जून और जुलाई में इस्तीफा दिया था और भाजपा ने उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए फिर से उम्मीदवार नहीं बनाया था।
मुरुगन सितंबर 2021 से राज्यसभा के सदस्य हैं और अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से उच्च सदन के लिए पुनः निर्वाचित हुए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 में समाप्त होगा। मुरुगन ने यह भी कहा है कि वह राज्यसभा की सदस्यता छोड़ना चाहते हैं।
मुरुगन के इस्तीफे से केंद्रीय मंत्रिपरिषद में जल्द फेरबदल किये जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश