Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

लद्दाख की प्रगति सर्वोच्च प्राथमिकता, युवाओं को सशक्त बनाने पर ध्यान: प्रधानमंत्री मोदी

लेह, 15 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि लद्दाख का विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्रशासित प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नयी तकनीक सीखने के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा एवं बेहतर अवसरों के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत न पड़े।

मोदी ने लद्दाख में हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे और सामरिक सड़क संपर्क सहित करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्थानीय पर्यावरण का पूरा ध्यान रखते हुए क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास करना चाहती है।

युवाओं को शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े इसके लिए प्रधानमंत्री ने लेह में एक बड़े उत्कृष्टता केंद्र के निर्माण और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), जम्मू और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), जम्मू के उप परिसरों की स्थापना की योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

मोदी ने कहा कि इन प्रतिष्ठित संस्थानों से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उन्नत शोध और आधुनिक तकनीकी कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘लद्दाख की नई पीढ़ी पर हमारा विशेष ध्यान है। अब यहां के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नए कौशल सीखने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्घाटन की गई परियोजनाओं से लद्दाख में यात्रा आसान होगी, कुछ क्षेत्रों में बिजली की सुविधाओं में सुधार होगा, अन्य इलाकों में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और प्राचीन विरासत के संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

इन परियोजनाओं में लेह स्थित कुशोक बकुला रिनपोछे हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया यात्री टर्मिनल शामिल है। इसमें ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए भू-तापीय ऊर्जा का इस्तेमाल किया गया है। यह लद्दाख के पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में टिकाऊ बुनियादी ढांचे के महत्व को दर्शाता है।

मोदी ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित 298 किलोमीटर लंबी निमू-पदम-दरचा सड़क को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अलावा, उन्होंने नौ मेगावाट की हानू लघु जलविद्युत परियोजना और 66 केवी की डबल-सर्किट दाह-हानू-खालस्ती विद्युत पारेषण लाइन का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने लेह के सिंधु घाट पर भारत के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और ‘प्रोजेक्ट हिम सरोवर’ के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन किया।

मोदी ने कहा, ‘‘आज लद्दाख का विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन परियोजनाओं के लिए मैं लद्दाख के सभी लोगों को हार्दिक बधाई देता हूं। इन परियोजनाओं में शामिल सभी इंजीनियरों, श्रमिकों और स्थानीय सहयोगियों को भी बधाई देता हूं। मैं विशेष रूप से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के सहयोगियों की सराहना करता हूं।’’

क्षेत्र में लंबे समय से की जा रही न्यायिक सुविधाओं की मांग का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार ने अगस्त में लद्दाख के लिए उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने को औपचारिक मंजूरी दी थी।

उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक कामकाज सुगम होगा और नागरिकों को कानूनी सहायता प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘इससे प्रशासन के साथ-साथ न्याय व्यवस्था तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि लद्दाख में खेलों की अपार संभावनाएं हैं और यहां के युवा आइस हॉकी, शीतकालीन खेलों तथा पर्वतारोहण में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के जरिए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है कि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर सकें।’’

डिजिटल संपर्क के महत्व पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि होटल, रेस्तरां, होमस्टे और स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़े व्यवसायों के लिए डिजिटल सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि लद्दाख के दूरदराज के इलाकों में ‘भारतनेट’ और हाई-स्पीड इंटरनेट का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ई-गवर्नेंस सेवाओं तक निर्बाध पहुंच, युवाओं के लिए ऑनलाइन शिक्षा और स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘आज ऑनलाइन कारोबार आय के नए रास्ते खोल रहा है।’’

लेह हवाई अड्डे के नए यात्री टर्मिनल का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भू-तापीय तापन प्रणाली से लैस भारत का पहला टर्मिनल है। उन्होंने कहा, ‘‘यह टर्मिनल लद्दाख के पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊर्जा देगा।’’

मोदी ने बताया कि ‘वाइब्रेंट विलेजेज’ कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों की 40 से अधिक बस्तियों का विकास किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा, ‘‘इससे दूरदराज के गांवों में भी रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।’’

स्थानीय कारीगरों और किसानों के हुनर की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि वह जर्मनी के चांसलर और स्वीडन के प्रधानमंत्री सहित विभिन्न देशों के नेताओं को अक्सर लद्दाख के उत्पाद उपहार में देते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार पश्मीना की वैश्विक पहचान मजबूत करने और क्षेत्रीय उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। मोदी ने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है कि स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलें, उनकी बेहतर ब्रांडिंग हो और उनका लाभ सीधे उत्पादकों तक पहुंचे।’’

लद्दाख के भविष्य को लेकर आशा व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह क्षेत्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम सब मिलकर लद्दाख को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।’’

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश