गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को गुवाहाटी में पूर्वोत्तर के पहले वीजा आवेदन केंद्र का उद्घाटन किया।
यह नया केंद्र ऑस्ट्रिया, साइप्रस, चेक गणराज्य, मिस्र, एस्टोनिया, फ्रांस, आयरलैंड, इटली, जापान, लातविया, माल्टा (डी-वीजा आवेदन), मोरक्को, स्विट्जरलैंड और ब्रिटेन सहित 14 देशों की यात्रा के लिए वीजा आवेदन स्वीकार करना शुरू करेगा।
स्विट्जरलैंड, चेक गणराज्य, इटली और फ्रांस के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शर्मा ने कहा, 'यह केंद्र क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा। पहले लोगों को वीजा के लिए कोलकाता या दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब वे इसी केंद्र से यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।'
उन्होंने बताया कि यह केंद्र वीजा आवेदनों को स्वीकृति के लिए संबंधित दूतावासों को भेजेगा और वीजा लगे हुए पासपोर्ट यहीं से प्राप्त किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वीजा सेवाएं देने वाली वैश्विक संस्था ‘वीएफएस ग्लोबल’ द्वारा इस केंद्र के खोले जाने से पूर्वोत्तर के लोगों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा अधिक सुलभ और सुविधाजनक हो जाएगी।
भाषा सुमित नरेश
नरेश