Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

कॉजपा की गोवा इकाई ने पणजी के प्रदर्शन में लगे हिंदुत्व-विरोधी नारों से बनाई दूरी

पणजी, 15 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की गोवा इकाई ने 11 अक्टूबर को पणजी में अपने प्रदर्शन के दौरान लगे 'हिंदुत्व-विरोधी' नारों की आलोचना के बाद बृहस्पतिवार को कहा कि वह धार्मिक मान्यताओं या भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान, नारे या कृत्य का समर्थन नहीं करती है।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को चेतावनी दी थी कि कॉजपा के 11 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान 'हिंदूवाद मुर्दाबाद' के नारे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में, युवा लड़कियों के एक समूह को कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान यह नारा लगाते हुए देखा गया था। यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए आयोजित किया गया था।

कॉजपा गोवा ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान में कहा, 'हम अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट करना चाहते हैं। कॉजपा सभी धर्मों, जातियों और समुदायों का सम्मान करती है। हम किसी की धार्मिक मान्यताओं या भावनाओं को ठेस पहुंचाने या अनादर करने वाले किसी भी बयान, नारे या कृत्य का समर्थन नहीं करते हैं।'

बयान में कहा गया कि 11 अक्टूबर के प्रदर्शन का एकमात्र उद्देश्य ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना तथा चुनावी निष्पक्षता और एसआईआर प्रक्रिया के प्रति जनता में जागरूकता बढ़ाना था।

संबंधित वीडियो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सावंत ने बुधवार को दावा किया था कि राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सावंत ने कहा था, 'मैंने सोशल मीडिया पोस्ट देखा है। मैंने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। उनके (कॉजपा सदस्यों) खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश