नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के नांगलोई इलाके में एक स्कूटर के एक बस की चपेट में आने से उस पर सवार दिल्ली पुलिस के एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त वह ड्यूटी पर जा रहे थे। मृतक की पहचान राजेश कुमार के तौर पर हुई। वह नयी दिल्ली जिले के मंदिर मार्ग थाने में तैनात थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे ड्यूटी के लिए अपने स्कूटर पर जा रहे थे, जब बाहरी दिल्ली में बस ने उनके वाहन को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनके मुताबिक, कुमार को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कहा कि बस चालक और परिचालक वाहन को छोड़कर मौके से भाग गए। पुलिस ने कुमार के परिवार को घटना के बारे में सूचित किया और जांच के तहत बस को जब्त कर लिया।
अधिकारी ने कहा कि चालक और परिचालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश