Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के नौ छात्र रैगिंग के आरोप में निलंबित, जुर्माना लगा

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 15 अक्टूबर (भाषा) हमीरपुर के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज ने प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ हुई रैगिंग की घटना के बाद एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के नौ छात्रों को दो सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, रैगिंग करने के आरोपी तीन छात्रों पर 50-50 हजार रुपये और छह अन्य पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

दिल्ली के रहने वाले प्रथम वर्ष के एमबीबीएस छात्र ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे और अन्य कनिष्ठ छात्रों को भोटा चौक के पास एक वरिष्ठ छात्र के किराये के पीजी कमरे में बुलाया गया था। शिकायत में कहा गया है कि उन्हें निर्देश दिया गया कि वरिष्ठ छात्रों से बात करते समय वे नजरें नीचे रखें और उन्हें 'नमस्ते, डॉक्टर साहब' कहकर अभिवादन करें, साथ ही अपना परिचय देने का एक खास तरीका भी बताया गया।

जांच के दौरान, विश्वविद्यालय की रैगिंग रोधी समिति ने शिकायतकर्ता सहित आठ कनिष्ठ छात्रों के बयान दर्ज किए। इन छात्रों ने पुष्टि की कि वरिष्ठ छात्रों ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था।

विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ छात्रों ने आरोपों से इनकार किया है।

उन्होंने कहा कि शिकायत में मारपीट या अपशब्द कहने का आरोप नहीं था, लेकिन कनिष्ठ छात्रों पर इस तरह के निर्देश थोपने को रैगिंग की श्रेणी में रखा गया।

डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज (हमीरपुर) के प्राचार्य रमेश भारती ने कहा कि रैगिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई करके प्रशासन ने अन्य छात्रों को स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है।

भाषा शुभम सुरभि

सुरभि