Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

बेरोजगारी दर सितंबर में पांच प्रतिशत पर स्थिर रही : सरकारी सर्वेक्षण

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) देश में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की बेरोजगारी दर सितंबर, 2026 में पांच प्रतिशत पर स्थिर रही। बृहस्पतिवार को जारी सरकारी सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के अनुसार, अगस्त, 2026 की तुलना में सितंबर में बेरोजगारी दर में कोई बदलाव नहीं हुआ। बेरोजगारी दर सितंबर, 2025 में 5.2 प्रतिशत थी।

ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर सितंबर में मामूली रूप से बढ़कर 4.2 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 4.1 प्रतिशत थी। वहीं, शहरी क्षेत्रों में यह 6.8 प्रतिशत से बढ़कर 6.9 प्रतिशत रही। ग्रामीण बेरोजगारी दर सितंबर, 2025 में 4.6 प्रतिशत और शहरी बेरोजगारी दर 6.8 प्रतिशत थी।

सर्वेक्षण के अनुसार, सितंबर, 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों में बेरोजगारी दर 4.9 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि जून, 2026 के बाद से इसमें गिरावट या स्थिरता का रुख बना हुआ है।

महिलाओं में बेरोजगारी दर सितंबर में मामूली बढ़कर 5.2 प्रतिशत रही, जो अगस्त में 5.1 प्रतिशत थी। ग्रामीण महिलाओं में यह दर 3.9 प्रतिशत रही, जो 2026 में अबतक का सबसे निचला स्तर है। वहीं, शहरी महिलाओं में बेरोजगारी दर 8.9 प्रतिशत से बढ़कर 9.2 प्रतिशत हो गई।

सर्वेक्षण के अनुसार, पिछले साल की समान अवधि की तुलना में पुरुषों और महिलाओं, दोनों में बेरोजगारी दर घटी है। ग्रामीण महिलाओं में यह दर 2026 के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई।

एनएसओ का पीएलएफएस श्रम बल की भागीदारी तथा रोजगार और बेरोजगारी की स्थिति से जुड़े आंकड़ों का प्रमुख स्रोत है।

यह मासिक सर्वेक्षण देश भर में 3,70,513 लोगों से जुटाई गई जानकारी पर आधारित हैं।

सर्वेक्षण के अनुसार, सितंबर, 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) 55.5 प्रतिशत रही। यह सितंबर, 2025 की तुलना में 0.2 प्रतिशत अधिक है।

इसी तरह, शहरी क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी दर अगस्त, 2026 के 50.4 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 50.7 प्रतिशत हो गई।

सर्वेक्षण के मुताबिक, सितंबर, 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं की कुल श्रम बल भागीदारी दर सालाना आधार पर 0.5 प्रतिशत बढ़कर 34.6 प्रतिशत हो गई। इसी अवधि में ग्रामीण महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर एक प्रतिशत बढ़कर 38.9 प्रतिशत रही।

वहीं, कुल श्रमिक-जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) सितंबर, 2026 में सालाना आधार पर 0.3 प्रतिशत बढ़कर 52.7 प्रतिशत हो गया।

भाषा यासिर अजय

अजय