नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है:
दि71: न्यायालय राहुल लीड याचिका
राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं की याचिका पर न्यायालय ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं अन्य से जवाब मांगा
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने मतदाता सूचियों से कथित रूप से ‘‘बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं’’ को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा विपक्ष के 12 अन्य नेताओं की याचिका पर निर्वाचन आयोग (ईसी) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से बृहस्पतिवार को जवाब मांगा।
दि75: दिल्ली अदालत प्रदर्शन लीड कनॉट प्लेस
अदालत ने कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर को होने वाले कॉजपा के प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार किया
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और इसके संस्थापक अभिजीत दीपके को 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने से रोकने का आदेश देने से इनकार कर दिया।
दि44: न्यायालय मुस्लिम लीड धर्मांतरण
इस्लाम अपनाने वाले पिछड़े वर्ग के हिंदू पूर्व स्थिति के आधार पर आरक्षण नहीं ले सकते : न्यायालय
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछड़े वर्गों से संबंधित हिंदू, इस्लाम अपनाने के बाद उस वर्ग के तहत आरक्षण का लाभ नहीं ले सकता।
दि2: दिल्ली अंकिता माता-पिता लीड रिहा
अंकिता भंडारी हत्याकांड: हिरासत से रिहा हुए माता-पिता, सरकार को 24 घंटे का वक्त दिया
नयी दिल्ली, अंकिता भंडारी हत्याकांड से कथित तौर पर जुड़े एक ‘‘वीआईपी’’ की संवैधानिक पद पर नियुक्ति रोकने की मांग को लेकर यहां इंडिया गेट पर धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता को बृहस्पतिवार तड़के हिरासत में लिया गया हालांकि उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
प्रादे117: महाराष्ट्र इमरान खान लीड विपक्ष
अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने के लिए कहे जाने की विपक्ष ने की निंदा, कहा-यह तानाशाही है
मुंबई/नागपुर, विपक्षी दलों ने बृहस्पतिवार को अभिनेता और अमेरिकी नागरिक इमरान खान को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लेने के कारण भारत छोड़ने के लिए कहे जाने को लेकर सरकार के रवैये को ‘‘तानाशाही’’ करार दिया।
प्रादे32: झारखंड ओडिशा राज्यपाल
ब्रज मोहन राम रविवार को ओडिशा के नए राज्यपाल का कार्यभार संभालेंगे
रांची, ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 18 अक्टूबर (रविवार) को पदभार ग्रहण करेंगे।
वि29: जर्मनी आग भारतीय
जर्मनी में आग में मारे गए तीन भारतीयों के परिजनों के संपर्क में भारतीय मिशन
लंदन, बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास और फ्रैंकफर्ट स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास जर्मनी में आग लगने की घटना में मारे गए तीन भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में हैं और उन्हें हर जरूरी सहायता मुहैया करा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।
वि11: अमेरिका न्यूयॉर्क हिंदू लीड हमलावर
अमेरिका में हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की कोशिश के आरोप में 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
न्यूयॉर्क, अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक हिंदू मंदिर में ‘‘श्रद्धालुओं की भीड़ को निशाना बनाकर गोलीबारी’’ करने की कथित कोशिश के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और अधिकारियों को उसके पास से एक पत्र भी मिला है, जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा व्यक्त की गई है व ‘‘भारतीय मूल’’ के लोगों के खिलाफ हिंसा का उल्लेख है।
अर्थ47: जियो आईपीओ
जियो का 1,400 अरब डॉलर की डिजिटल अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी का लक्ष्य: आकाश अंबानी
मुंबई, रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल एवं दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स ने वित्त वर्ष 2030-31 तक देश की अनुमानित 1,400 अरब डॉलर की डिजिटल अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी को अपने 53.33 करोड़ ग्राहकों, 5जी नेटवर्क के विस्तार और प्रौद्योगिकी क्षमताओं के दम पर इस वृद्धि की उम्मीद है।
अर्थ43: शेयर बंद
बैंक, रिलायंस और आईटी शेयरों में तेजी से सेंसेक्स, निफ्टी तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर
मुंबई, घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को तेजी आई। कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच बैंक, आईटी तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भारी लिवाली से मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 1,534 अंक चढ़कर तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया जबकि निफ्टी 23,000 अंक के करीब पहुंच गया।
खेल25: खेल एशियाड मोदी मुलाकात
यह सफलता आपकी ही नहीं , करोड़ो देशवासियों की है : प्रधानमंत्री मोदी ने एशियाड पदक विजेताओं से कहा
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में आइची-नागोया एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात करके कहा कि यह सफलता अकेले उनकी नहीं बल्कि करोड़ों देशवासियों की है ।
खेल17: खेल कुश्ती अंडर 23 विश्व लीड भारत
विश्वजीत मोरे ने अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा
लास वेगास (अमेरिका), विश्वजीत मोरे (55 किलोग्राम) ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय ग्रीको रोमन पहलवान बनकर नया इतिहास रचा, जबकि कोमल और दिशा मलिक कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई हैं।
'द कन्वरसेशन' से अनुबंध के तहत जारी खबरें:
वि26: यमन हूती सऊदी ईरान
हूती सऊदी अरब के खिलाफ तेज कर रहे युद्ध, ईरान के इशारे पर काम करने की छवि बदलने की कोशिश
पेरिस, यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किए गए घातक हमले ने सऊदी अरब के साथ उनके बढ़ते संघर्ष और खुद को ईरान के इशारे पर काम करने वाले संगठन के रूप में देखे जाने की धारणा बदलने की कोशिश को उजागर किया है।
वि25: विश्व सबसे पुराना पोत मलबा
तुर्किये के तट पर मिला दुनिया का सबसे पुराना जहाज का मलबा
सिडनी, पुरातत्वविदों की एक टीम का मानना है कि तुर्किये के तट पर मिला जहाज का मलबा दुनिया में अब तक खोजा गया सबसे पुराना मलबा है।
जहाज का बहुत कम हिस्सा बचा है, लेकिन उसमें मिले मिट्टी के बर्तनों सहित अन्य सुरागों के आधार पर शोधकर्ताओं की टीम ने अनुमान लगाया है कि यह मलबा करीब 2700 से 2400 ईसा पूर्व का है।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत
प्रशांत