(फाइल तस्वीर के साथ)
भुवनेश्वर, 15 अक्टूबर (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से राज्य के खनन एवं औद्योगिक क्षेत्रों में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे वाणिज्यिक तथा भारी वाहनों की अवैध एवं खतरनाक पार्किंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है।
संबलपुर से लोकसभा सदस्य प्रधान ने मुख्यमंत्री माझी को लिखे पत्र में कहा कि खनन एवं औद्योगिक गलियारों में राजमार्गों के किनारे कई किलोमीटर तक ट्रकों की अवैध कतारें लगने के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर ऐसी दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं। उन्होंने कहा कि खनन कंपनियों की ओर से माल ढुलाई की उचित व्यवस्था की कमी और निर्धारित पार्किंग स्थलों का न होना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार के पास इस समस्या से निपटने के लिए स्पष्ट संवैधानिक दायित्व और पर्याप्त कानूनी अधिकार हैं।
राजमार्गों पर अवैध पार्किंग को रोकने के लिए मौजूद कानूनी प्रावधानों और नियमों का उल्लेख करते हुए, सांसद ने जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने और जवाबदेही तय करने के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश