Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

सोनमर्ग साहसिक खेलों का केंद्र बनेगा, परियोजनाओं की योजना बनाई जा रही : मुख्यमंत्री अब्दुल्ला

श्रीनगर, 15 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि सोनमर्ग को सालभर साहसिक खेलों के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत राज्य सरकार सर्दियों में स्कीइंग और स्केटिंग तथा गर्मियों में राफ्टिंग के लिए परियोजनाओं की योजना बना रही है।

अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार गांदेरबल जिले के त्रागबल और मोहनमार्ग क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक मंजूरियां ली जाएंगी।

उन्होंने गांदेरबल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोनमर्ग को शीतकालीन पर्यटन स्थल के रूप में पहचाने जाने की शुरुआत हुए अभी मुश्किल से एक साल हुआ है। पहले सर्दियों में सोनमर्ग बंद रहता था और लोग वहां नहीं जा सकते थे। अब सुरंग बनने के बाद सोनमर्ग साल भर पर्यटन के लिए खुला रहता है। अब हम नए पर्यटन स्थलों और शीतकालीन खेलों के लिए परियोजनाएं तैयार कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र गांदेरबल में 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का उद्घाटन करने और जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रयास और इच्छा है कि मैं मियां मेहर अली (कंगन के विधायक) के साथ मिलकर सोनमर्ग को पर्यटन और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करूं। यहां गर्मियों में राफ्टिंग और सर्दियों में स्कीइंग एवं स्केटिंग की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए फिलहाल परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं।’’

अब्दुल्ला ने त्रागबल और मोहनमार्ग में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन परियोजनाओं में देरी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि ऐसी परियोजनाओं में कभी-कभी समय लगता है, क्योंकि इनके लिए वन, पर्यावरण और वन्यजीव विभागों से मंजूरी लेनी पड़ती है।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए हम सभी जरूरी मंजूरी हासिल करेंगे और इन नए पर्यटन स्थलों को विकसित करेंगे।’’

कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए अधिगृहीत जमीन के बारे में अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार जमीन अधिग्रहण के समय अपनाई गई प्रक्रिया का पालन करेगी और जमीन मालिकों के साथ हुए समझौते की शर्तों को लागू करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जमीन मालिकों के साथ जो भी लिखित समझौता हुआ था और कागजों पर जिन शर्तों पर औपचारिक रूप से सहमति बनी थी, उन्हें लागू किया जाएगा।’’

पिछले दो वर्षों में गांदेरबल में हुए विकास कार्यों के बारे में अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों में परियोजनाओं के काम में तेजी लाने के लिए प्रयास कर रही है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश