ठाणे, 15 अक्टूबर (भाषा) ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले कुछ व्यावसायिक गोदामों में बृहस्पतिवार को आग लग गई, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान हुआ। नगर निगम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दीवा-शिल रोड पर स्थित खारडी गांव के अरशद कंपाउंड में पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे लगी आग में कोई घायल नहीं हुआ।
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि आग में गोदामों में रखा फर्नीचर, प्लास्टिक का कबाड़ और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
उन्होंने बताया कि ठाणे दमकल विभाग के अधिकारियों और कर्मियों सहित आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों को घटनास्थल पर भेजा गया।
तड़वी ने कहा कि आग पर अपराह्न करीब दो बजकर 10 मिनट पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम मनीषा
मनीषा